Tuesday, March 26, 2019

सोशल: छपाक का फर्स्ट लुक देखकर लोग बोले 'दीपिका तुम्हें सलाम'

बॉलीवुड में अपनी शानदार एक्टिंग से धाक जमाने वाली दीपिका पादुकोण ने सोमवार को अपनी आगामी फ़िल्म 'छपाक' का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है.

दीपिका के ट्वीट के बाद से ही #Chhapaak ट्विटर में दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है.

कई लोगों को दीपिका पादुकोण का ये अंदाज़ बेहद पसंद आ रहा है.

वहीं, कुछ लोग इस फ़िल्म को बनाने के लिए फ़िल्म की निर्देशिका मेघना गुलज़ार को बधाई दे रहे हैं.

एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं की ज़िंदगी के ऊपर आधारित इस फ़िल्म को मशहूर फ़िल्म निर्देशिका मेघना गुलज़ार बना रही हैं.

दीपिका पादुकोण इस फ़िल्म में एक एसिड अटैक पीड़िता 'मालती' के किरदार में नज़र आएंगी.

इंस्टाग्राम से लेकर ट्विटर पर ये तस्वीर जारी होने सोशल मीडिया यूज़र्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं.

ट्विटर यूज़र रिद्धित लिखते हैं, "मुझे ये फर्स्ट लुक बेहद पसंद आया. ये बहुत ही असली नज़र आ रही हैं. दीपिका को लेकर मेरी नापसंदगी को अलग रखते हुए मैं कहना चाहता हूं कि मैं इस फ़िल्म का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं. मेक-अप टीम को बहुत बहुत बधाई. शानदार काम."

एक अन्य ट्विटर यूज़र ने इस फ़िल्म के फ़र्स्ट लुक के बारे में बात करते हुए कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि ये फ़िल्म तेजाब से हमला करने वाले असामाजिक तत्वों को उनका घिनौना चेहरा दिखाने में कामयाब होगी.

ट्विटर पर कॉस्तुव सिन्हा ने लिखा है कि छपाक का फर्स्ट लुक बेहतरीन है, इतने बेहतरीन बदलाव के लिए दीपिका पादुकोण को बहुत बहुत बधाई.

लखनऊ वाला नाम से ट्विटर हैंडल चलाने वाले एक शख़्स ने ट्वीट किया है, "ये फ़िल्म दिल जीत लेगी. पर बिजनेस कितना करेगी कह नहीं सकते. लखनऊ और आगरा में ऐसी हक़ीक़त कहानियां बनकर घूम रही हैं.

वहीं, अगर इंस्टाग्राम की बात करें तो दीपिका पादुकोण की पोस्ट के जवाब में कई लोगों ने लिखा है कि ये तस्वीर दीपिका पादुकोण से भी ज़्यादा खूबसूरत है.

Wednesday, March 20, 2019

कश्मीर में पुलिस हिरासत में टीचर की मौत के बाद तनाव

पुलवामा ज़िले के अवंतिपुरा इलाके में पुलिस हिरासत में एक टीचर की मौत के बाद घाटी में एक बार फिर तनाव पैदा हो गया है.

मृत शिक्षक के परिजनों का कहना है कि पुलिस ने रिज़वान पंडित को उनके घर से हिरासत में लिया था.

26 वर्षीय रिज़वान पंडित की मौत की ख़बर आने के बाद घाटी में कई जगह सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ है जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं.

पुलिस ने इस घटना पर एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि "मिलिटेंसी एक मामले की पड़ताल के क्रम में एक संदिग्ध व्यक्ति रिज़वान पंडित को अंवतिपुरा में हिरासत में लिया गया, इस व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत हो गई है. इस मामले में नियमों के अनुरुप मजिस्ट्रेट से जांच कराई जा रही है."

रिज़वान के भाई ज़ुल्करनैन ने एक स्थानीय अख़बार को बताया है कि उनके भाई एक निजी स्कूल के प्रिसिंपल थे.

उन पर छह महीने पहले पब्लिक सेफ़्टी ऐक्ट (पीएसए) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. ज़ुल्करनैन का कहना है कि अदालत उस मामले को खारिज कर दिया था.

उनके भाई ने अख़बार को यह भी बताया कि "मेरे भाई जमात-ए-इस्लामी के कार्यकर्ता थे लेकिन यह कोई गुनाह तो नहीं है."

ग़ौरतलब है कि पुलवामा में हुए हमले के बाद सरकार ने जमात-ए-इस्लामी पर प्रतिबंध लगा दिया है.

रिज़वान की मौत के बाद कई अलगाववादी संगठनों ने बुधवार को घाटी में बंद का आह्वान किया है. कश्मीर की सभी राजनीतिक पार्टियों ने इस घटना की निंदा की है और समयबद्ध तरीके से मामले की जांच कराने की मांग की है.

हुर्रियत कॉन्फ़्रेंस के चेयरमैन मीर वाइज़ मौलवी उमर फ़ारुक़ ने ट्वीट करके इसे 'बर्बर हत्या' करार दिया है.

राज्य के मानवाधिकार आयोग ने मामले को उठाते हुए कहा है कि रिज़वान की मौत की पूरी रिपोर्ट पेश की जाए.

Friday, March 8, 2019

UP की चुनावी जंग: जानिए कांग्रेस की टीम 11 में किसकी जमीन, कितनी मजबूत

उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन की कवायद के बीच कांग्रेस ने गुरुवार को 11 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी और रायबरेली से सोनिया गांधी के नामों के अलावा जितिन प्रसाद और आरपीएन सिंह जैसे कई दिग्गजों के नाम शामिल हैं. कांग्रेस ने सूबे में ऐसे नामों का ऐलान किया है, जिन पर उसे जीत का ज्यादा भरोसा नजर आ रहा है. माना जा रहा है कि इनमें वो सीटें भी शामिल हैं, जिन्हें कांग्रेस अखिलेश-मायावती के सामने मांग रही है.

कांग्रेस के उम्मीदवार

कांग्रेस उम्मीवारों की जारी लिस्ट में रायबरेली से सोनिया गांधी, अमेठी से राहुल गांधी, फैजाबाद से निर्मल खत्री, कुशीनगर से आरपीएन सिंह, फरुर्खाबाद से सलमान खुर्शीद, सहारनपुर से इमरान मसूद, उन्नाव से अनु टंडन, धौरहरा से जितिन प्रसाद, बदायूं से सलीम शेरवानी, अकबरपुर से राजाराम पाल और जालौन से ब्रजलाल खबरी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे.

 चुनावी समीकरण

कांग्रेस ने जिन 11 नामों की घोषणा की है. मौजूदा समय में इनमें से दो सीटें कांग्रेस के पास है. जबकि कुशीनगर और सहारनपुर सीट ऐसी हैं जहां पर पार्टी दूसरे नंबर पर और बाकी बची 7 सीटों पर कांग्रेस तीसरे और चौथे नंबर रही थी. हालांकि 2009 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने बदायूं, जालौन और सहारनपुर सीट छोड़कर बाकी सीटों पर जीत दर्ज की थी.

2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने सपा-बसपा गठबंधन के सामने रायबरेली और अमेठी के अलावा जिन 13 सीटों की डिमांड रखी थी. माना जाता है कि उनमें से कुशीनगर, धौरहरा, सहारनपुर, उन्नाव, अकबरपुर और फरुर्खाबाद सीट शामिल थीं. इनमें से छह सीटों में से तीन सीटें बसपा के खाते में हैं और तीन ही सीट सपा के खाते में हैं.

कांग्रेस का फोकस

दरअसल प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में उतरने के बाद कांग्रेस इस बार के लोकसभा चुनाव में सूबे की 80 लोकसभा सीटों में से करीब दो दर्जन सीटों पर खास फोकस कर रही है. इनमें से गुरुवार को कांग्रेस द्वारा जारी लिस्ट में से 9 सीटें शामिल हैं. यहां कांग्रेस पूरी प्लानिंग के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है.

राजनीतिक विश्वलेषणों की मानें तो रायबरेली और अमेठी के अलावा कांग्रेस जहां सबसे मजबूत मानी जा रही है. उनमें कुशीनगर, धौरहरा, उन्नाव और सहारनपुर सीट प्रमुख है. हालांकि सपा-बसपा गठबंधन के बाद कांग्रेस का सियासी समीकरण कई सीटों पर गड़बड़ा भी रहा है.

बसपा बनी चुनौती

बसपा ने पहले ही सहारनपुर सीट से हाजी फजलुर्रहमान को उतारकर कांग्रेस के इमरान मसूद का सियासी समीकरण को बिगाड़ दिया है. फजलुर्रहमान सहारनपुर के मेयर के चुनाव में महज 9 सौ मतों से बीजेपी उम्मीदवार से हार गए थे. बसपा उम्मीदवार की इस हार के लिए सहारनपुर के लोग इमरान मसूद को जिम्मेदार मानते हैं. यही वजह है कि इमरान मसूद जगह-जगह अपनी जनसभाओं में सफाई दे रहे हैं.

सहारनपुर के ही रहने वाले गुलजार अहमद कहते हैं कि इमरान मसूद के चलते ही सहारनपुर सीट से ही मुस्लिम उम्मीदवार की हार हुई है. इसके अलावा अब हम लोग नहीं चाहते हैं कि हमारा सांसद हिंदू-मुस्लिम के बीच नफरत पैदा करने वाला हो. सपा-बसपा गठबंधन के बाद सहारनपुर का बड़ा तबका बसपा के साथ खड़ा है.

आरपीएन और जितिन से उम्मीदें

पिछले चुनाव में कुशीनगर लोकसभा सीट पर दूसरे नंबर पर रहे आरपीएन सिंह पर पार्टी ने फिर दांव लगाया है. प्रियंका गांधी को पूर्वांचल की कमान सौंपे जाने के बाद माना जा रहा है कि आरपीएन बीजेपी को कड़ी टक्कर देंगे. जबकि धौरहरा सीट से कांग्रेस ने जितिन प्रसाद पर एक बार फिर भरोसा जताया है. माना जा रहा है कि जितिन पिछले चुनाव में भले ही मोदी लहर में अपनी सीट नहीं बचा सके थे, लेकिन इस बार वो काफी कड़ी टक्कर दे सकते हैं. हालांकि कांग्रेस की मजबूत सीटों में उन्नाव सीट भी मानी जा रही है, जहां से पार्टी ने अन्नू टंडन को उतारा है. वो 2009 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर चुकी हैं.

Wednesday, February 27, 2019

पाकिस्तान की सेना ने कहा, 'हमने अपने बचाव में भारत पर हमला किया है'

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ़ गफ़ूर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि उसकी वायु सेना ने बुधवार सवेरे भारत प्रशासित कश्मीर में छह ठिकानों पर हमले किए हैं.

उनका कहना है, "हमने हमले अपने बचाव में किए हैं. पाकिस्तान की सेना के पास जवाब देने के अलावा कोई चारा नहीं था."

उन्होंने कहा कि वो भारत के तरीक़े से जवाब देने की बजाय ऐसे मुल्क की तरह जवाब देना चाहते थे जो ज़िम्मेदार है.

उन्होंने कहा, "आज सवेरे पाकिस्तान एयरफोर्स ने ये फ़ैसला किया कि वो कोई सैन्य टार्गेट नहीं लेंगे. साथ ही इसमें किसी इंसानी ज़िदगी का नुक़सान नहीं हो. हमारी सेना ने अपनी हदों के भीतर रहते हुए टार्गेट लॉक किए और थोड़े फ़ासले पर खुली जगह पर हमले किए."

"भिंबर गली, केजी टॉप और नारियान के इलाक़े में भारतीय सेना के सप्लाई डिपो पर हमले लॉक किया. लेकिन हमले ज़िम्मेदारी का सबूत देते हुए उससे कुछ दूरी हमले किए."

पाक सेना के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के हमले के बाद भारतीय एयरफ़ोर्स के दो लड़ाकू विमान सीमा के नज़दीक आए थे जिनका पाकिस्तानी वायुसेना ने मुक़ाबला किया और उन्हें मार गिराया.

"इनमें से एक हमारी सीमा के पास गिरा जबकि एक भारतीय सीमा के नज़दीक गिरा है. लेकिन भारत में एक और भारतीय विमान के गिरने की ख़बर है उसमें पाकिस्तान का कोई हाथ नहीं है."

"भारतीय मीडिया में दावा किया जा रहा है कि भारत ने पाकिस्तान का एफ़-16 विमान गिराया है लेकिन हमने एफ़-16 का इस्तेमाल नहीं किया है."

उनका कहना है, "हम शांति का रास्ता अख़्तियार करना चाहते हैं. लोगों को हक़ है कि वो शांति से रहें. आइए मिल कर बैठें और बातचीत करें. हूकूमते पाकिस्तान की शांति की अपील को भारत सुने और फ़ैसला करे."

हालांकि पाकिस्तानी सेना के इन दावों की किसी भी स्वतंत्र स्रोत से अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है.

समाचार एजेंसियों पीटीआई और रॉयटर्स के मुताबिक़ बालाकोट हमले के अगले दिन यानी बुधवार को पाकिस्तान के विमान ने भारतीय वायु सीमा में प्रवेश किया.

एजेंसी के अनुसार पाकिस्तानी विमान जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले के नौशेरा सेक्टर में दाख़िल हुए हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार भारत के विमानों ने पाकिस्तानी विमानों को भागने पर मजबूर कर दिया जिसके बाद वो पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की तरफ़ भाग गए.

कई हवाईअड्डे बंद

समाचार एजेंसी रॉयटर्स का कहना है कि पठानकोट, श्रीनगर, जम्मू, लेह के हवाई अड्डों को बंद किया गया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार श्रीनगर, जम्मू, लेह, चंडीगढ़ और अमृतसर हवाईअड्डों से उड़ानों को रोक दिया गया है. हालांकि चंडीगढ़ के एयरपोर्ट के निदेशक ने बीबीसी को बताया है कि हवाई अड्डा सामान्य रूप से काम कर रहा है.

विमानन कंपनी एयर विस्तारा ने जानकारी दी है कि "हवाई मार्ग में लगाए जाने के कारण अम-तसर, श्रीनगर, चंडीगढ़ और जम्मू से उड़ानों को फिलहाल रोक दिया गया है."

विमानन कंपनी एयर विस्तारा ने जानकारी दी है कि "एयरस्पेस में रोक लगाए जाने के कारण अमृतसर, श्रीनगर, चंडीगढ़ और जम्मू से उड़ानों को फिलहाल रोक दिया गया है."

मंगलवार को भारत ने दावा किया था कि उसने पाकिस्तान के बालाकोट में हवाई हमले किए हैं, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद के कई ठिकानों को नष्ट कर दिया गया.

जवाब में पाकिस्तान ने कहा था कि भारतीय विमानों से उनकी हवाई सीमा का उल्लंघन किया है. हालांकि पाकिस्तान ने इससे इनकार किया है कि इससे कोई नुक़सान हुआ है.

पाकिस्तान का कहना था कि भारतीय विमान जल्दी में कुछ विस्फोटक गिराकर लौट गए. बाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की.

जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने कहा कि वे इस हमले का जवाब देंगे.

दरअसल पुलवामा में एक आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ़ के 40 जवानों के मारे जाने के बाद दोनों ही देशों में तनाव बढ़ गया था. भारत ने कहा था कि वो इस हमले का जवाब देगा.

Wednesday, February 20, 2019

पाकिस्तान में 20 अरब डॉलर के बदले सऊदी अरब को क्या मिलेगा

सऊदी के बाग़ी पत्रकार जमाल ख़ाशोग्जी की पिछले साल अक्टूबर में तुर्की में हत्या के बाद से सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन-सलमान दुनिया भर में अलग-थलग हो गए थे.

सीआईए ने कहा था कि ख़ाशोग्जी की हत्या क्राउन प्रिंस के आदेश पर हुई थी. ख़ाशोग्जी की हत्या को लेकर कई अहम हस्तियों ने रियाद में इन्वेस्टमेंट समिट का बहिष्कार कर दिया था.

नवंबर में सलमान ट्यूनीशिया गए तो विरोध का सामना करना पड़ा. सलमान जब मोरक्को पहुंचे तो किंग मोहम्मद VI ने भी उनसे मिलने से परहेज किया.

बिछ गया पाकिस्तान
17 फ़रवरी को जब क्राउन प्रिंस पाकिस्तान पहुंचे तो ख़ाशोग्जी की हत्या की छाया कहीं नहीं दिखी. पाकिस्तान ने क्राउन प्रिंस को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया.

सलमान जब पिछले हफ़्ते रविवार की रात पाकिस्तान पहुंचे तो पाकिस्तान ने सोमवार को क्राउन प्रिंस के सम्मान में सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा कर दी.

रविवार की रात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने सलमान की मौजूदगी में कहा, ''सऊदी अरब पाकिस्तान के लिए मुश्किलों का दोस्त रहा है इसलिए हमारे लिए यह संबंध काफ़ी अहम है.''

क्राउन प्रिंस ने पाकिस्तान में पेट्रोकेमिकल्स, ऊर्जा और खनन परियोजनाओं में 20 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की. इसके अलावा सलमान ने सऊदी की जेलों में बंद 2,000 पाकिस्तानी नागरिकों के तत्काल रिहाई की घोषणा की.

ख़ान ने कहा कि क्राउन प्रिंस ने ऐसा कर पाकिस्तानियों का दिल जीत लिया. इमरान ख़ान भी प्रोटोकॉल तोड़ एमबीएस को ख़ुद ही गाड़ी चला अपने आवास तक लाए.

एमबीएस का पाकिस्तान दौरे में जैसा स्वागत हुआ वो किसी अंतरराष्ट्रीय स्टेट्समैन से भी आगे का था. पाकिस्तान के बाद सलमान भारत पहुंचे और यहां भी प्रधानमंत्री मोदी स्वागत में एयरपोर्ट पर खड़े थे. विमान से उतरते ही पीएम मोदी ने गले लगा लिया.

भारत के दौरे के बाद सलमान चीन पहुंचने वाले हैं. ख़ाशोग्जी को लेकर न तो पाकिस्तान ने एक शब्द बोला और न ही भारत ने. कई लोगों का मानना है कि सऊदी अरब का पाकिस्तान में निवेश की घोषणा अपनी छवि सुधारने से आगे की घोषणा है.

सऊदी अरब से पाकिस्तान को मिलने वाली आर्थिक मदद का समृद्ध इतिहास रहा है. पाकिस्तानी मदरसों को सऊदी से पर्याप्त फंड मिलता है. पाकिस्तान ने 1998 में परमाणु परीक्षण किया तो सऊदी अरब ने ही दुनिया के आर्थिक प्रतिबंधों के असर से बचाया.

2014 में पाकिस्तानी रुपया जब बुरी तरह से टूटा तब भी सऊदी ने इस्लामाबाद को डेढ़ अरब डॉलर की मदद दी.

पाकिस्तान दौरे में सलमान ने निवेश की घोषणा तब की है जब पाकिस्तान पूरी तरह से गर्दिश में है. पाकिस्तान आर्थिक संकट में फंसा हुआ है. पाकिस्तान के पास विदेशी मुद्रा भंडार इतना कम हो गया है कि वो तेल का आयात बिल भुगतान करने लायक भी नहीं बचा है.

पाकिस्तान के पास विदेशी मुद्रा महज आठ अरब डॉलर बची है. पिछले साल अगस्त महीने में जब इमरान ख़ान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली तब से पाकिस्तान ख़ुद को डिफॉल्टर होने से बचाने की कोशिश कर रहा है.

इमरान ख़ान ने पहले विदेशी दौरे के लिए सऊदी को चुना. पिछले साल अक्टूबर में पीएम ख़ान सऊदी गए तो उसने पाकिस्तान को आर्थिक मदद मुहैया कराई गई.

यह मदद तब मिली जब पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक की जमा राशि में पिछले साल की तुलना में 40 फ़ीसदी की गिरावट आई थी.

पाकिस्तान फ़िलहाल अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से मदद लेने की कोशिश कर रहा है. 1980 के दशक के बाद से पाकिस्तान आईएमएफ़ की शरण में 13 बार जा चुका है.

सऊदी अरब के बारे में ऐतिहासिक रूप से कहा जाता है कि वो दिमाग़ और दिल जीतने के लिए खर्च करने में कोई कसर नहीं छोड़ता है.

लेकिन सऊदी अभी ख़ुद ही आर्थिक लाचारी से जूझ रहा है. सऊदी को अब बड़ी गहराई से महसूस हो रहा है कि उसकी अर्थव्यवस्था की निर्भरता तेल पर से कम करनी होगी.

लंदन के किंग्स कॉलेज में मध्य-पूर्व सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ एंड्रीज क्रेइग ने टाइम मैगज़ीन से कहा है, ''खुलकर पैसे खर्च करने की स्थिति में सऊदी 80 और 90 के दशक में था. आज की तारीख़ में सऊदी उस हालत में नहीं है. एमबीएस के नेतृत्व में तो कम से कम बिल्कुल नहीं है. 20 अरब डॉलर का वादा महज मदद नहीं है बल्कि ये पाकिस्तान को पंसद करते हैं इसलिए है. सऊदी इस निवेश से भविष्य में कमाना चाहता है.''

आठ अरब डॉलर ग्वादर पोर्ट तेल रिफाइनरी संयंत्र बनाने के लिए है. इसे चाइना पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर में सबसे ख़ास माना जा रहा है.

इसमें संयुक्त अरब अमीरात ने भी निवेश किया है. चीन ने वन बेल्ट वन रोड के चाइना पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर में 62 अरब डॉलर का निवेश किया है. पाकिस्तान में सऊदी अरब तेल निर्यात बाज़ार स्थापित करना चाहता है.

Sunday, January 27, 2019

झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और ऑस्ट्रेलियाई वकील की देर रात तक चली वो मुलाकात

ये लेख जॉन लैंग की क़िताब 'वॉन्ड्रिंग्स इन इंडिया एंड अदर स्केचेज़ ऑफ़ लाइफ़ इन हिंदोस्तान' के एक अध्याय 'रानी ऑफ़ झांसी' का अनुवाद है.

जॉन लैंग ऑस्ट्रेलियाई वकील और उपन्यासकार थे. ये अध्याय जॉन लैंग की झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के साथ हुई मुलाक़ात पर आधारित है.

रानी लक्ष्मीबाई ने साल 1854 में ऑस्ट्रेलिया के वकील जॉन लैंग को नियुक्त किया ताकि वो झांसी के अधिग्रहण के ख़िलाफ़ ईस्ट इंडिया कंपनी के समक्ष याचिका दाखिल करें. उनकी यह किताब 1861 में प्रकाशित हुई थी.

ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी की ओर से झांसी को कंपनी राज में विलय कराने के आदेश जारी किए जाने के एक महीने बाद मुझे रानी की ओर से एक खत मिला. फ़ारसी में ये ख़त स्वर्ण पत्र पर लिखा हुआ था, जिसमें अपने राज का दौरा करने का अनुरोध किया गया था. ये ख़त झांसी राज्य के दो अधिकारी लेकर आए थे, एक तो झांसी के वित्त मंत्री थे और दूसरे अधिकारी रानी के मुख्य वकील थे.

झांसी का राजस्व उस दौर में क़रीब छह लाख रुपये सालाना था. सरकारी ख़र्चे और राजा की सेना पर होने वाले ख़र्चे के बाद करीब ढाई लाख रुपये बच जाते थे. सैनिकों की संख्या बहुत ज़्यादा नहीं थी, सब मिलाकर करीब एक हज़ार सैनिक होंगे इनमें ज़्यादातर सस्ते घुड़सवार सैनिक थे.

जब अंग्रेजों ने झांसी को अपने शासन में मिलाने का समझौता किया था तब समझौते के मुताबिक़ रानी को साठ हज़ार रुपये सालाना की पेंशन मिलनी थी, जिसमें हर महीने भुगतान होना था.

रानी ने मुझे झांसी बुलाया तो इसका उद्देश्य झांसी को अंग्रेज़ी शासन में मिलाने के आदेश के रद्द किए जाने या कहें वापस लिए जाने की संभावना को तलाशना था.

हालांकि मैं गवर्नर जनरल का एजेंट रह चुका था और मुझे भी भारत के दूसरे अधिकारियों के तरह लगता था कि झांसी के कंपनी शासन में विलय का फ़ैसला अनुचित है बल्कि अन्याय जैसा है. इस मामले से जुड़े तथ्य इस तरह से थे- दिवगंत हुए राजा की अपनी इकलौती पत्नी से कोई विवाद नहीं था.

राजा ने अपनी मौत से कुछ सप्ताह पहले अपने पूरे होशोहवास में सार्वजनिक तौर पर अपना वारिस गोद लिया था. उन्होंने इसके बारे में ब्रिटिश सरकार को उपयुक्त ज़रिए से सूचना भी दी थी.

ऐसे मामलों में फ़र्जीवाड़े को रोकने के लिए सरकार ने जिस तरह के प्रावधान अपनाए हुए थे, उसका पूरा पालन किया गया था. राजा ने सैकड़ों लोगों और गवर्नर जनरल के प्रतिनिधि की मौजूदगी में बच्चे को गोद लिया था.

इस मौके पर उन्होंने पूरी तरह से सत्यापित दस्तावेजों के आधार पर बच्चे को गोद लिए जाने की घोषणा की थी. राजा ब्राह्मण थे और उन्होंने अपने निकट संबंधी के बच्चे को गोद लिया था. वे ब्रिटिश सरकार के विश्वासपात्र राजाओं में थे.

लार्ड विलियम बैंटिक ने राजा के निधन के बाद उनके भाई को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें उन्हें राजा कहा गया था और ये भरोसा दिया गया था कि उनके वारिस और गोद लिए वारिस के लिए, उनके राज और उसकी स्वतंत्रता की गारंटी दी गई थी.

कथित रूप से कहा जाता है कि लार्ड विलियम बैंटिक के इस समझौते का बाद में उल्लंघन किया गया, जिस पर संदेह करने का कोई कारण भी नहीं है.

पेशवा के समय में झांसी के दिवगंत राजा केवल एक बड़े ज़मींदार थे और वे केवल ज़मींदार भर रहते तो उनकी विरासत का मुद्दा कभी नहीं उभरता और ना ही उनकी अंतिम इच्छा की बात होती.

लेकिन राजा के तौर उनको स्वीकार किए जाने के चलते उनकी संपत्ति के कंपनी शासन में विलय की नौबत आई, इसके बदले उन्हें सालाना साठ हज़ार रुपये पेंशन देने की व्यवस्था की गई. ये बात पाठकों को भले जितनी भी विचित्र लग रही हो बावजूद इसके यह सच तो है.

जब मुझे रानी का खत मिला तब मैं आगरा में था. झांसी से आगरा पहुंचने में दो दिन का वक्त लगता था. जब मैं झांसी से चला था, तब मेरी भावनाएं इस महिला के प्रति हो गई थीं. राजा ने जिस बच्चे को गोद लिया था, वह महज़ छह साल का था.

उसके बालिग होने तक राजा की वसीयत के मुताबिक़ रानी को बच्चे के अभिभावक होने के साथ साथ राजगद्दी भी संभालनी थी. ऐसे में ख़ुद सैनिक रही किसी महिला के लिए कोई छोटी बात नहीं थी कि वो अपनी स्थिति को छोड़कर सालाना 60 हज़ार रुपये की पेंशनभोगी बन जाएं.

बहरहाल, मैं झांसी की रानी के आवास की अपनी यात्रा के बारे में विस्तार से बताता हूं. मैं शाम के समय अपनी पालिकानुमा बग्घी में बैठा था और अगली सुबह, दिन की रोशनी में ग्वालियर पहुंचा था. कैंट से यही कोई डेढ़ मील की दूरी पर झांसी के राजा का छोटा सा घर था, वहीं मुझे ठहरना था.

मुझे वहां एक मंत्री और वकील ले गए जो मेरे साथ ही थे. दस बजे के क़रीब नाश्ता करने के बाद मैंने अपने हुक्के से तंबाकू पिया. अब हमें चलना था. दिन काफ़ी गर्म था लेकिन रानी ने मुझे लाने के लिए बड़ी सी आरामदेह बग्घी भेजी थी, जो किसी छोटे कमरे की तरह थी जिसमें हर तरह की सुविधा मौजूद थीं. एक पंखा भी लगा हुआ था जिसे झलने के लिए एक नौकर भी था.

पालकी के अंदर मेरे अलावा मंत्री और वकील तो थे ही, साथ में एक खानसामा भी था जो घुटनों में अपनी अंगीठी फंसाए कभी पानी गर्म करता तो करीब शराब और कभी बीयर. ताकि प्यास लगने पर जो चीज़ मैं मांगू वो तुरंत दिया जा सके.

इस बग्घी को असीम ताक़त वाले दो घोड़े तेज रफ़्तार से खींच रहे थे. दोनों घोड़ों जमीं से 17 हाथ की ऊंचाई जितने लंबे थे. राजा ने इन्हें फ्रांस से 15 हज़ार रुपये में मंगाया था.

कई जगहों पर रास्ता भी ख़राब था लेकिन औसतन हम प्रति घंटे नौ मील की दूरी तय कर रहे थे. करीब दो बजे दोपहर में हम झांसी के क्षेत्र में पहुंचे थे. इस दौरान दो बार बग्घी खींचने वाले घोड़ों को बदला जा चुका था और अभी भी हमें नौ मील से ज़्यादा की दूरी तय करनी थी. पहले तो हमारे साथ केवल चार घुड़सवार सैनिक थे लेकिन झांसी की सीमा में पहुंचते ही हमारे आसपास करीब पांच सैनिक हो चुके थे.

प्रत्येक घुड़सवार सैनिक के पास भाला दिख रहा था और सब एक जैसे कपड़ों में थे, ईस्ट इंडिया कंपनी के सैनिकों की तरह. सड़क पर कुछ सौ मीटर की दूरी पर घुड़सवार सैनिक जुड़ते जा रहे थे और जैसे जैसे हम आगे बढ़ रहे थे, वैसे वैसे घुड़सवार सैनिकों की संख्या बढ़ती जा रही थी. ऐसे में जब हम क़िले तक पहुंचे तब तक झांसी की पूरी सेना हमारे साथ आ चुकी थी.

हमारी बग्घी को राजा के बगीचे में ले जा गया, जहां से मैं, वित्त मंत्री और वकील के अलावा दूसरे नौकर भी एक बड़े टेंट में पहुंचे जो आम के विशाल पेड़ों के नीचे बना हुआ था. इसी टेंट में झांसी के दिवंगत राजा ब्रिटिश सरकार के सिविल और सैन्य अधिकारियों से मिला करते थे. यह टेंट शानदार ढंग से बना हुआ था और कम से कम दर्जन भर नौकर मेरी हुकुम की तालीम के लिए मौजूद थे.

वैसे मेरी इस यात्रा के दौरान सहयात्री रहे- मंत्री और वकील के बारे में मैं ये ज़रूर कहना चाहूंगा कि वे दोनों अच्छे आदमी थे. समझदार और सलीके वाले होने के साथ साथ सीखने को भी तत्पर. ऐसे में मेरी यात्रा अच्छी रही. रानी ने मुलाकात के समय के बारे में अपने कई ब्राह्मणों (पंडितों) में से एक से सलाह मशविरा किया होगा, ये लोग मुलाकात के समय भी रानी के साथ थे.

इन लोगों ने सलाह दी होगी कि मुलाकात के लिए सूर्यास्त के बाद और चंद्रमा के उदय के बीच का वक्त अनुकूल होगा, ऐसे में शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे का वक्त मुलाकात के लिए तय हुआ था.

Thursday, December 27, 2018

The Accidental Prime Minister पर बोलने से बचें नेता, कांग्रेस का सर्कुलर

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर की फिल्म The Accidental Prime Minister का ट्रेलर इस समय सोशल मीडिया की गलियों में धूम मचा रहा है. इस फिल्म में अनुपम खेर, देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के किरदार में हैं. ये फिल्म उनके मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू की किताब पर आधारित है. लेकिन जब से फिल्म का ट्रेलर आया है तभी ये राजनीतिक बहस का मुद्दा भी बन गई है. भारतीय जनता पार्टी-कांग्रेस फिल्म के ट्रेलर, उसमें दिखाए गए सीन पर आमने सामने हैं.

हालांकि, कांग्रेस ने अपने सभी प्रवक्ताओं और नेताओं को सर्कुलर जारी किया है कि वह इस फिल्म के मसले पर बोलने से बचें. दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर का कहना है कि आखिर कांग्रेस किस प्रकार फिल्म की आजादी पर सवाल उठा सकती है. तो वहीं अन्य मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि वह इस फिल्म को जरूर देखेंगे.

भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने लिखा कि कांग्रेस ऐसी फिल्म को क्यों सेंसर कराना चाहती है जो एक किताब पर आधारित है. और किताब भी 2014 में छप चुकी है. क्या सिर्फ इसलिए क्योंकि किताब काफी कम लोग पढ़ते हैं और फिल्म अधिक लोग देखते हैं.

दूसरी तरफ कांग्रेस भी इस मुद्दे पर आक्रामक है, यूथ कांग्रेस ने तो इसको लेकर चेतावनी जारी कर दी है. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के इस प्रकार के एजेंडे से हम उनसे सवाल पूछने से रुकने वाले नहीं हैं. जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस मुद्दे पर ट्वीट किया.

इसके अलावा महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस ने इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की मांग की है, उसके बाद ही रिलीज करने को कहा है. उन्होंने धमकी दी है कि वह इस मामले को कोर्ट भी ले जाएंगे. इनकी मांग है कि फिल्म में से विवादित सीन तुरंत हटाए जाएं. हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस फिल्म पर कुछ भी नहीं कहा, जब उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने चुप्पी ही साधी.

गौरतलब है कि ये वो फिल्म है जिसका इंतज़ार कई लोग बेसब्री से कर रहे थे. इस फिल्म में मनमोहन सिंह का किरदार निभा रहे एक्टर अनुपम खेर ने जिस तरह से इसे निभाया है उसकी तारीफ हो रही है. आपको बता दें कि फिल्म में अक्षय खन्ना संजय बारू का किरदार निभा रहे हैं. जो ट्रेलर में मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के रिश्तों पर बात करते नज़र आते हैं.

संजय बारू मई 2004 से अगस्त 2008 तक पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार के पद पर कार्यरत रह चुके हैं. 2019 के चुनाव से पहले इस फिल्म के रिलीज़ होने पर विवाद गहराता जा रहा है. फिल्म का निर्देशन विजय रत्नाकर गुट्टे ने किया है. हंसल मेहता इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं.